आजादी के बाद से वंशवाद की राजनीति ने देश का किया नुकसान: PM मोदी

  • भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की तीन दिवसीय बैठक का उद्घाटन सत्र

जयपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आजादी के बाद से परिवारवाद एवं वंशवाद की राजनीति ने देश का नुकसान किया है। मोदी शुक्रवार को भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के उद्घाटन सत्र को नई दिल्ली से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किसी पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि महात्मा गांधी का देश में सिर्फ नाम लिया गया, काम उनके विजन से उल्टे किए गए।

महात्मा गांधी देश में स्वावलंबन चाहते थे, लेकिन सालों तक देश को विदेशों पर निर्भर बना दिया गया, लेकिन आज देश आत्मनिर्भरता के रास्ते पर चल पड़ा है और यह काम भाजपा ने किया है। उन्होंने कहा कि ये परिवारवादी पार्टियां आज भी देश को पीछे ले जाना चाहती हैं। उनका सार्वजनिक जीवन परिवार से शुरू होता है और सिर्फ परिवार के लिए ही होता है। ये लोगों की कमजोरियों पर खेलते हैं। जाति, क्षेत्रवाद आदि के नाम पर लोगों को भड़काते हैं और अपना स्वार्थ सिद्ध करते हैं जबकि आज भाजपा की नीतियां राष्ट्रभक्ति से प्रेरित होकर विकास और विश्वास पर केंद्रित है और हमने वंशवाद और परिवारवाद के राजनीतिक कीचड़ में भी कमल को खिलाया है।

ऐसे लोगों को भाजपा से जोड़ें जिनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है
उन्होंने ज्यादा से ज्यादा लोगों को भाजपा से जोड़ने बात करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को पार्टी से जोडेÞ, जिनका परिवार राजनीति में नहीं है। ऐसे लोगों को पार्टी से जोड़ना है, जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। हमें याद रखना है कि परिवारवाद की राजनीति से धोखा खाने वाले लोगों का भरोसा भाजपा ही लौटा सकती है। परिवार-वंशवाद की राजनीति ने देश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। लोकतंत्र बचाने के लिए परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ संघर्ष करना होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की विकासवाद की राजनीति को देश की राजनीति की मुख्यधारा बताते हुए कहा है कि देश में विकासवाद की राजनीति होनी चाहिए लेकिन कुछ लोगों ने विकास को विकृत रूप दे दिया है, ऐसे लोग समाज में तनाव को ढूंढकर जातिवाद, क्षेत्रवाद और अन्य मामले उठाकर लोगों को भड़काकर अपना स्वार्थ सिद्ध करते हैं। ऐसे लोगों से सचेत रहना होगा। उन्होंने कहा कि मुझे भी आपके बीच में आने का अवसर होता तो मुझे प्रेरणा मिलती। राजस्थान में भाजपा की बात हो तो मुझे गर्व की अनुभूति है कि मुझे कई वरिष्ठ लोगों की अंगुली पकड़कर चलने का मौका मिला। इसका मुझे गर्व है। मैं कार्यकर्ताओं से कहता हूं कि कभी आलस आ जाए तो मोबाइल में कमल का फूल देख लीजिए, ऊर्जा मिलेगी।

हमें चैन से बैठने का कोई अधिकार नहीं, हमारा लक्ष्य भारत को ऊंचाई पर पहुंचाना है
उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता होने के नाते हमें चैन से बैठने का कोई अधिकार नहीं है। दुनिया कहेगी कि 18 राज्यों में भाजपा की सरकार है, 1300 से ज्यादा विधायक, 400 से ज्यादा सांसद हैं। इन सफलताओं को देखते हुए मन करेगा कि बहुत हो गया, लेकिन हमें सत्ता भोग ही करना होता तो कोई भी आराम करने की सोच सकता है। यह रास्ता हमें मंजूर नहीं है। विजय पताका फहराने के बाद भी हम बैचेन हैं, अधीर हैं, आतुर हैं क्योंकि हमारा लक्ष्य भारत को ऊंचाई पर पहुंचाना है। जिसका सपना देश की आजादी के लिए मर मिटने वालों ने देखा था।

मोदी के मार्गदर्शन पर चल रहा पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता : नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन से पार्टी को ताकत मिली है और प्रत्येक कार्यकर्ता उनके बताए मार्ग पर चल रहा है। नड्डा जयपुर में भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि संगठन को जब-जब जरूरत पड़ी, प्रधानमंत्री का हमें नेतृत्व मिला और उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन मिलने से संगठन को ताकत दे पाते हैं और आगे बढ़े हैं। उन्होंने कोरोना का जिक्र करते हुए कहा कि कोरोना में सभी राजनीतिक दल लॉकडाउन हो गए और नेता भी जब सिर्फ ट्विटर पर दिखे, ऐसे समय में मोदी ने हमें सेवा ही संगठन का मंत्र दिया। खुशी है कि इससे प्रेरित होकर भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता उनके बताए मार्ग पर चल रहा है।

कमजोर बूथ को मजबूत करने पर चर्चा होगी
उन्होंने कहा कि हम बूथ सशक्तीकरण की तरफ बढ़े है, पन्ना प्रमुख तक पहुंचने के कार्यक्रम पर बल दिया गया है और जहां बूथ कमजोर है वहां क्या कर सकते है उस पर चर्चा की जाएगी। पार्टी के लगातार चल रहे कार्यक्रम एवं पिछले 8 साल देश को मजबूत करने के कार्यक्रम चलाया गया और देश को आगे बढ़ाया गया उस पर वक्तव्य होगा। वहीं राजस्थान में विपक्ष की भूमिका निभाते हुए कांग्रेस सरकार के कुशासन एवं उसके कारनामें उजाकर करते हुए प्रदेश में कमल खिले, इस पर भी बैठक में चर्चा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *