मुंबई/सूरत. महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सरकार पर संकट के बीच शिवसेना सांसद संजय राउत ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि ज्यादा से ज्यादा क्या होगा सत्ता जाएगी, लेकिन पार्टी की प्रतिष्ठा से समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने दावा किया है कि बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे से उनकी बुधवार सुबह 1 घंटे तक बातचीत हुई है। वे हमारे दोस्त हैं और कहीं नहीं जाने वाले हैं।
राउत ने कहा- शिंदे ने कोई शर्त नहीं रखी है। पार्टी बनाने में उनका योगदान रहा है। हम लगातार संपर्क में हैं और सभी विधायक शिवसेना में ही रहेंगे। ऑपरेशन लोटस सफल नहीं हो पाएगा। MLC चुनाव में हंगामा कर BJP ने उद्धव को भटकाया, शिंदे को रातोंरात निकलने में मदद की।
विधायक एयरलिफ्ट कर गुवाहाटी गए, संख्या बढ़ेगी
पहले दिन सूरत के होटल में ठहरे 40 विधायक बुधवार सुबह 6 बजे गुवाहाटी एयरलिफ्ट कर ले जाए गए हैं। 7 विधायक निर्दलीय हैं। विधायकों को स्पेशल फ्लाइट से ले जाया गया। सूरत एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने कहा कि सत्ता के लिए हिंदुत्व से समझौता नहीं कर सकता हूं।

इधर, सूत्रों का दावा है कि शाम तक 10 और विधायक उद्धव ठाकरे से बगावत कर शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं। अगर, ऐसा हुआ तो बागी विधायकों की संख्या 50 हो सकती है। वहीं महाराष्ट्र में सरकार को खतरे में देखकर कांग्रेस और NCP भी अलर्ट हो गई है। कांग्रेस नेता कमलनाथ मुंबई में विधायकों से बात करेंगे, जबकि शरद पवार भी मुख्यमंत्री से मिलकर आगे की रणनीति बनाएंगे।
अगर विधायक बागी हुए, तो गिर जाएगी महाराष्ट्र सरकार?
महाराष्ट्र में सोमवार को हुए विधान परिषद चुनाव में महाविकास अघाडी का बहुमत 151 तक गिर गया है। राज्यसभा चुनाव के दौरान महाविकास आघाडी के पास 162 विधायक थे, जबकि उससे पहले ये संख्या 170 थी। यानी राज्यसभा चुनाव के बाद महाविकास अघाडी के 11 विधायक कम हुए हैं।