लखनऊ के होटल में लगी आग में 4 की मौत, तीसरी मंजिल पर 2 शव और मिले, 5 घंटे से चल रहा रेस्क्यू, 10 बचाए गए

लखनऊ. लखनऊ में सोमवार को लेवाना होटल की तीसरी मंजिल पर भीषण आग लग गई। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई है। 8 लोग घायल हैं। तीसरी मंजिल पर फंसे 10 लोगों को भी निकाल लिया गया है।

हादसे के वक्त होटल में करीब 30 लोग मौजूद थे। फायर फाइटिंग टीम करीब 5 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनसे मिलने सीएम योगी भी पहुंचे। उन्होंने हादसे की जांच के आदेश भी दिए हैं।

दो मृतक लखनऊ के रहने वाले मंगेतर थे
हादसे के बाद सबसे पहले मिले दो शव लखनऊ के गुरनूर आनंद और साहिबा कौर के थे। दोनों मंगेतर बताए जा रहे है। वो गणेशगंज के सराय फाटक के पास रहते थे। उनके परिवार के लोगों को संपर्क किया जा रहा है।

किचन से फैली आग
अग्निशमन विभाग की पड़ताल में सामने आया कि तीसरी मंजिल पर ही किचन था। बताया जाता है कि आग यही से फैली है। सबसे पहले दो शव इसी मंजिल की गैलरी में मिले थे। बाकी शव तीसरी मंजिल के कमरे से निकाले गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीम अभी चेकिंग कर रही है। पहली और दूसरी मंजिल पर रेस्क्यू पूरा हो चुका है।

सीएम योगी ने पुलिस कमिश्नर को जांच सौंपी
धुआं भर जाने की वजह से कई लोग बेहोश हो गए। दमकल की 24 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। एंबुलेंस से 8 लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ सिविल अस्पताल में घायलों से मिलने पहुंचे हैं। उन्होंने लखनऊ कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर को ज्वाइंट जांच कराने के लिए कहा है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *