नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम गुरुवार देर रात तक घोषित कर दिए गए। इन चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने शानदार जीत दर्ज की है। 4 राज्यों में भाजपा और एक राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर ऐतिहासिक जीत के साथ योगी राज वापस लौट रहा है।
समाजवादी को वर्ष 2017 के मुकाबले काफी ज्यादा सीटें मिली हैं लेकिन उसका सरकार बनाने का सपना धराशायी हो गया। पंजाब में आम आदमी पार्टी बंपर जीत के साथ सरकार बनाएगी। यूपी के अलावा उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में बड़ी जीत के साथ बीजेपी सरकार बनाएगी। इस चुनाव में कई उलटफेर हुए तो कई दिग्गज चुनाव भी हारे। उत्तराखंड कांग्रेस के सीएम फेस हरीश रावत चुनाव हार गए। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कांग्रेस प्रतिद्वंदी भुवन चंद्र कापड़ी से चुनाव हार गए।
पंजाब में आप के सीएम फेस भगवंत मान धुरी विधानसभा सीट से जीते। जबकि कांग्रेस पार्टी की बुरी स्थिति रहीी। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी दोनों सीटों से चुनाव हार गए। वहीं, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी पराजित हो गए। अकाली परिवार को इस चुनाव में पराजय झेलनी पड़ी। पार्टी के दोनों दिग्गज प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल अपनी सीटें हार गए। कांग्रेस से किनारा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी पटियाला सीट से चुनाव हार गए।
जनता के आशीर्वाद ने मुझे भी यूपीवाला बना दिया: मोदी
4 राज्यों में भाजपा की जीत के बाद नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में गुरुवार शाम पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी और यह वादा उन्होंने पूरा करके दिखा दिया। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत करके यह जीत दिलवाई।
यूपी ने देश को कई मुख्यमंत्री दिए, लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले सीएम को पहली बार दोबारा चुना है। उन्होंने कहा, ‘मैं बनारस का सांसद हूं। यूपी के लोगों के प्यार और आशीर्वाद ने मुझे भी यूपीवाला बना दिया। बनारस का सांसद होने के नाते अनुभव से कह सकता हूं कि यूपी के लोग समझ चुके हैं कि जाति को बदनाम करने वालों से दूर रहना है। राज्य के विकास को ही सर्वोच्च प्राथमिकता देनी है।’
मोदी जी जैसा नेतृत्व हो तो, ऐसा भारी बहुमत मिलता है: योगी
उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक बहुमत के बाद योगी आदित्यनाथ भारी हुजूम के बीच लखनऊ दफ्तर पहुंचे। वे साथी मंत्रियों-पदाधिकारियों के साथ गले मिले और जमकर गुलाल उड़ाया। विजयी भाषण भी दिया। बोले- जब मोदी जी जैसा नेतृत्व हो तो ऐसा ही प्रचंड बहुमत मिलता है। विजयी उल्लास से शुरू हुआ ये 30 मिनट का कार्यक्रम जय श्री राम के नारों के साथ खत्म हुआ।
उत्तरप्रदेश में 35 साल बाद करिश्मा, भाजपा ऐसी पार्टी, जिसकी लगातार दूसरी बार बनेगी सरकार
उत्तरप्रदेश में भाजपा ने शानदार जीत के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है। यूपी में साढ़े तीन दशक बाद किसी पार्टी की सरकार रिपीट हुई है। आजादी के बाद ये पहली बार होगा कि अपनी पार्टी को सत्ता में वापसी कराने वाले योगी आदित्यनाथ लगातार दूसरी बार सीएम बनेंगे। उत्तर प्रदेश में भाजपा और उसके सहयोगी दलों को कुल 273 सीटें मिलने जा रही है।
देर रात तक निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर अपडेट परिणाम के अनुसार भाजपा ने 224 सीटों पर जीत दर्ज कर ली थी और 31 सीटों पर बढ़त बना ली थी। वहीं समाजवादी पार्टी ने 87 सीटों पर जीत दर्ज की थी और 24 सीटों पर वह आगे थी। इस तरह भाजपा के खाते में 255 और समाजवाद पार्टी के खाते में 111 सीटें नजर आई। यहां कांग्रेस ने दो सीट जीतीं व बसपा के खाते में एक सीट रही।