नई दिल्ली. देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 43,624 नए केस मिले, 1.17 लाख मरीज ठीक हुए, जबकि 683 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान गई। तीसरी लहर का पीक आने के बाद पहली बार 50 हजार से कम मामले दर्ज हुए हैं। इससे पहले 3 जनवरी को 37,379 नए मामले सामने आए थे। 20 जनवरी को पीक पर 3.47 लाख केस मिले थे। उसके बाद से मामलों में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है।
देश में एक्टिव केस भी लगातार कम हो रहे हैं। तीसरी लहर के पीक पर देश में 22.49 लाख एक्टिव केस थे, जो अब कम होकर सिर्फ 5.28 लाख रह गए हैं। इन 3 हफ्तों में एक्टिव केस में 4 गुना से भी ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है। अब तक 4.15 करोड़ लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।
राजस्थान में नए केस बीते दिन के मुकाबले कम हुए
राजस्थान में पिछले 24 घंटे में 2,606 केस सामने आए और 4973 लोग ठीक हुए। इस दौरान 8 लोगों की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले, यानी शुक्रवार को 2,890 केस सामने आए और 6,632 लोग ठीक हुए। इस दौरान 9 लोगों की मौत हुई थी। अब तक राज्य में 12.63 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 12.30 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,456 लोगों की मौत हो गई। 23,404 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।