नई दिल्ली. 100 करोड़ रुपए में राज्यसभा सीट दिलाने और राज्यपाल बनाने का वादा करके झांसा देने वाले एक गिरोह का सीबीआई ने पर्दाफाश किया है। सीबीआई ने इस बड़ी कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई टीम पिछले कई दिनों से इन पर नजर रख रही थी।
पैसे के लेनदेन से ठीक पहले सीबीआई ने एक आरोपी को हिरासत में लिया। उससे पूछताछ की गई। उसके दूसरे साथियों के भी नाम पता चले। 4 से ज्यादा लोग आरोपी बनाए गए हैं। फिलहाल 100 करोड़ रुपए में सौदा होने की बात सामने आई है।
सीबीआई अधिकारी पिछले कुछ हफ्तों से फोन इंटरसेप्टर के जरिए कॉल सुन रहे थे। बीते कई दिनों से आरोपियों पर उनकी नजर थी। डील जब फाइनल होने वाली थी, तभी आरोपी को दबोच लिया गया।
चार आरोपियों की हुई पहचान
सीबीआई ने चार आरोपियों की पहचान कर ली है। महाराष्ट्र निवासी कमलाकर प्रेमकुमार बांदगर, कर्नाटक निवासी रवींद्र विट्ठल नाइक, दिल्ली निवासी महेंद्र पाल अरोड़ा और अभिषेक बूरा इस डील में शामिल थे। इनके एक साथी मोहम्मद एजाज खान को भी नामजद किया है। सीबीआई अधिकारियों पर हमला करने के बाद तलाशी अभियान के दौरान एक आरोपी भाग भी गया। उसकी तलाश की जा रही है।
पिछले हफ्ते महाराष्ट्र में भी आया था ऐसा मामला
हाल ही में ऐसा मामला महाराष्ट्र में आया था। यहां भाजपा के एक विधायक से 100 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। एवज में एकनाथ शिंदे कैबिनेट में मंत्री बनवाने का आॅफर था। विधायक की शिकायत पर पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने धोखाधड़ी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार कोल्हापुर, ठाणे और मुंबई के निवासी थे।