रामगंजमंडी/कोटा. बाइक टकराने को लेकर रविवार को हुए विवाद के बाद दो लोगों की हत्या कर दी गई। माधोपुर कॉलोनी में रविवार रात हुई चाकूबाजी में दो व्यक्तियों ने चार जनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। इसमें दो जनोंं की मौके पर ही मृत्युु हो गई। जबकि एक को गंभीर अवस्था में झालावाड़ रैफर किया गया है। पुलिस ने हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक रविवार रात को माधोपुर कॉलोनी निवासी किशन बैरवा से दुर्गेश व उसके भाई बंटी के बीच में बाइक टकराने के मामले को लेकर विवाद हुआ था। इस बात को लेकर किशन ने बंटी (23) व दुर्गेश (23) पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। बीच बचाव करने पर त्रिलोक पर भी चाकू से हमला किया तो वह गंभीर घायल हो गया। त्रिलोक को झालावाड़ रेफर किया गया है।
घायल रामचन्द्र के हाथों में चोट है। रामचन्द्र का प्राथमिक उपचार कर चिकित्सालय से छुटटी दी गई। थानाधिकारी सत्यनारायण मालव ने बताया कि चाकूबाजी की घटना को अंजाम देने वाले किशन बैरवा व उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि झगड़े का कारण आपस में बाइक टकराना है। मृत्तक बंटी व दुर्गेश मीणा कुदायला के निवासी हैं। जबकि घायल त्रिलोक भी कुदायला रहता है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।