कोटा. कोटा में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। गांव का ही एक लड़का नाबालिग को डरा धमका कर अपने साथ लेकर गया और 7 दिन तक उसके साथ रेप किया। जैसे तैसे बचकर बालिका थाने पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई।
बाल कल्याण समिति सदस्य मधुबाला शर्मा ने बताया कि मंडाना की रहने वाली नाबालिग लड़की खेतों में गेहूं कटाई का काम करती है। 18 मार्च को गांव में ही एक खान पर काम करने वाला लड़का उसे डरा धमका के साथ ले गया। लड़के ने उसे धमकी दी और उसके घर से 6 हजार रुपये भी मंगवाए। इसके बाद वह संभाग में ही अलग-अलग जगहों पर नाबालिग को ले गया और 7 दिन तक उसे साथ रखा। इस दौरान लड़के ने कई बार रेप किया।
इधर परिजन लड़की की तलाश करते रहे लेकिन कुछ पता नहीं लगने पर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस नाबालिग की तलाश कर रही थी। इसी दौरान जैसे तैसे बचकर नाबालिग शुक्रवार को थाने पहुंची। पुलिस को आपबीती बताई जिसके बाद पुलिस ने नाबालिग की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
आरोपी लड़का फरार है जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। लड़की को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे बालिका गृह में अस्थाई रूप से आश्रय दिया गया है। मंडाना थाना पुलिस के अनुसार लड़के की तलाश की जा रही है।