संदेश न्यूज। कोटा. चाकूबाजी में घायल व्यक्ति के परिजनों से झड़प के बाद सोमवार देर रात एमबीएस अस्पताल में हंगामा हो गया। रेजिडेंट डॉक्टर्स ने उसके बाद काम बंद कर दिया। कई मरीज इमरजेंसी वार्ड में दिखाने के लिए आए लेकिन रेजीडेंट डॉक्टर्स ने किसी भी मरीज को नहीं देखा और कार्य का बहिष्कार करके चले गए।
नयापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन रेजिडेंट डॉक्टरों ने किसी की नहीं सुनी। वहीं सेवारत चिकित्सक संघ ने कहा डॉक्टर्स को सुरक्षा को लेकर काम बंद करना पड़ता है। आखिर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था क्यो नहीं हो पाती। अस्पताल में सुरक्षा की व्यवस्था पुख्ता करना जरूरी है। चिकित्सालय में मरीज के साथ सीमित संख्या में परिजनों की अनुमति हो।