काबुल. अफगानिस्तान के काबुल में शनिवार को गुरुद्वारे पर हमला हुआ है, जिसमें गार्ड समेत दो अफगानी नागरिक मारे गए हैं। तीन तालिबानी सैनिक भी घायल हुए हैं। हमले के पीछे इस्लामिक स्टेट के खुरासान मॉड्यूल (ISIS-K) का हाथ बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक जाहिर तौर पर किसी तौर पर इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है।
टोलो न्यूज के मुताबिक, काबुल के गुरुद्वारा कर्ते-परवान के गेट के बाहर शनिवार सुबह 7.30 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 8.30 बजे) दो ब्लास्ट हुए। इसके बाद गुरुद्वारा परिसर के अंदर भी दो ब्लास्ट हुए। अंदर के ब्लास्ट से गुरुद्वारा से जुड़ी कुछ दुकानों में आग लग गई, जो पूरे परिसर में फैल गई।
इससे पहले हमलावरों ने वहां फायरिंग भी की थी। इसी फायरिंग में गुरुद्वारे का मुस्लिम गार्ड मारा गया था। ताजा जानकारी के मुताबिक, तालिबान के सैनिकों ने गुरुद्वारा को घेर लिया है। शनिवार दोपहर तक फायरिंग जारी रहने की जानकारी मिली थी।