मुंबई. मशहूर कला निर्देशक नितिन देसाई ने मुंबई से 80 किलोमीटर दूर करजात स्थित अपने स्टूडियो में बुधवार को खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बताया कि देसाई ने सीलिंग फैन से फांसी लगाकर आत्महत्या की।
पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। अभी तक सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन करीबी सूत्रों का कहना है कि देसाई पिछले कुछ महीनों से आर्थिक तंगी के कारण मानसिक रूप से परेशान थे। उन पर 180 करोड़ रुपए का कर्ज था। यह कर्जा उन्होंने किसी फाइनेंस कंपनी से लिया था।
महाराष्ट्र के दापोली जिले में जन्म देसाई मशहूर कला निर्देशक और टेलीविजन शो निर्माता थे। उन्होंने ज्यादातर काम मराठी और हिंदी फिल्मों में किया है। देसाई की मशहूर फिल्मों में हम दिल दे चुके सनम (1999), लगान (2001), देवदास (2022), जोधा अकबर (2008) और प्रेम रतन धन पायो (2015) शामिल है।
देसाई ने अपने 20 साल के कॅरियर के दौरान आशुतोष गोवारिक, विधु विनोद चोपड़ा, राजकुमार हिरानी तथा संजय लीला भंसाली जैसे निर्देशकों के साथ काम किया। देसाई 2002 में चंद्रकांत प्रोडक्शन की धार्मिक फिल्म देश देवी के साथ फिल्म निर्माता बने। यह फिल्म
कच्छ की देवी माता पर आधारित थी।
ड्रीम प्रोजेक्ट की वजह से चढ़ा कर्ज
एनडी स्टूडियो देसाई का ड्रीम प्रोजेक्ट था। उसकी प्लानिंग भी एक एडवांस लेवल पर थी। इसपर उन्होंने काफी खर्च भी कर दिया था, जिसका रिटर्न नहीं हो पा रहा था। पिछले कुछ समय से वहां केवल सलमान खान की फिल्मों की ही शूटिंग होती थी। कर्जत थोड़ा दूर पड़ता था। ऐसे में कई प्रोडक्शन हाउस वहां जाना नहीं चाहते थे।
वहां के स्टूडियो में 15 सेट हैं। सेट पर किसी चीज की कोई कमी नहीं रखी थी, लेकिन जो फाइनेंशियल फायदा होना था, वो नहीं हो पा रहा था। खर्च के अनुरूप रिटर्न नहीं मिलने के कारण स्टूडियो लगातार घाटे में जा रहा था।