मुंबई. रूस-यूक्रेन युद्ध से शेयर बाजार धराशाई हो गया। हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2700 पॉइंट (4.72%) गिरकर 54,529 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी 815 पॉइंट (4.78%) टूटा है। ये 16,247 पर पहुंच गया। सेंसेक्स की ये अब तक की चौथी बड़ी गिरावट है, वहीं 2 साल की सबसे बड़ी गिरावट है। इस गिरावट से निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपए डूब गए।
आज के कारोबार में बैंकिंग शेयर्स की जबरदस्त पिटाई हुई है। निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 8.26% टूटा है। पंजाब नेशनल बैंक 15% और इंडसइंड बैंक 8% नीचे बंद हुए। रियल्टी इंडेक्स और ऑटो इंडेक्स भी करीब 7% टूटे है। दूसरी ओर सोने में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। ये 52 हजार के करीब पहुंच गया है। इसके अलावा क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया है। इससे पहले 2014 में ऐसा हुआ था।
रूस-यूक्रेन युद्ध से मार्केट में गिरावट
दरअसल, रूस ने यूक्रेन पर हमले की घोषणा की है। इस वजह से दुनिया के सभी शेयर बाजारों में गिरावट हैं। बुधवार को यूक्रेन ने इमरजेंसी का ऐलान किया था। इसके बाद अमेरिकी बाजार भारी नुकसान में रहे थे। बुधवार को डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.38%, एसएंडपी 500 1.84% और नैस्डैक कम्पोजिट 2.57% की गिरावट में रहा था। गुरुवार को लगभग सारे एशियाई बाजार नुकसान में हैं।
सोना 52 हजार के करीब
आज सोने की कीमत में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। MCX पर आज 11 सोना 1,182 रुपए की बढ़त के साथ 51,561 पर ट्रेड कर रहा है। वहीं चांदी की बात करें तो ये 1,583 रुपए के उछाल के साथ 66,168 पर कारोबार कर रही है। इंटरनेशनल मार्केट में भी सोना 1,943 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है।