रामगंजमंडी में 8 लाख रुपए लूटने की कोशिश, बदमाशों की बाइक फिसली, एक को पकड़ा, दूसरा फरार

कोटा. कोटा के रामगंजमंडी क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ी लूट होने से बच गई। यहां बदमाशों ने एक बाइक सवार मुनीम से आठ लाख रुपए से भरा बैग छीनने की कोशिश की। बदमाशों की बाइक फिसलने से सब गड़बड़ हो गया। मुनीम और बदमाश गिर पड़े। इसके बाद पहचान कर एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया तथा दूसरे की तलाश की जा रही है। सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। रामगंजमंडी पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

मामले के अनुसार कृषि उपज मंडी में स्थित फर्म मोहनलाल मदनलाल के मुनीम रामेश्वर धाकड़ ने बैंक से 8 लाख रुपए निकलवाए और बाजार नंबर 7 में होता हुआ लौट रहा था। दिन में करीब 2.47 बजे दो बदमाशों ने चलती बाइक पर ही रामेश्वर से बैग छीनने की कोशिश की। बैग छीनने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई। रामेश्वर और बदमाश दोनों ही गिर पड़े। गिरते ही मुनीम ने सबसे पहले रुपयों से भरा बैग संभाला। उसके बाद बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़ा। इस दौरान एक बदमाश भाग गया।

वहीं, दूसरे बदमाश को रामेश्वर ने लोगों की मदद से पकड़ लिया। सूचना मिलते ही ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन अध्यक्ष मुकेश धाकड़ मौके पर पहुंचे। लूट की कोशिश की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ लिया है। उससे पूछताछ करने में जुट हुई है।

रैकी कर वारदात की कोशिश
शुरुआती जानकारी के अनुसार बदमाशों ने मुनीम की पहली रैकी की और उसके बाद वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। बदमाश बैंक से ही मुनीम का पीछा कर रहे थे और जैसे ही मौका लगा बैग छीनने की कोशिश की। हालांकि, वे इसमें सफल नहीं हो सके। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *