कोटा. कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने रविवार शाम को झालावाड़ जिले से राजस्थान में प्रवेश किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट सहित सरकार के कई मंत्री और बड़े नेताओं ने एमपी बॉर्डर पर स्थित चंवली चौराहा पर राहुल गांधी की अगवानी की।
स्वागत सभा में राहुल गांधी का सहरिया नृत्य के साथ स्वागत किया गया। मंच पर हो रहे इस नृत्य को देखकर राहुल गांधी भी अशोक गहलोत, कमल नाथ और सचिन पायलट के साथ डांस करने लगे। इस दौरान सचिन पायलट और अशोक गहलोत ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर साथ में डांस किया। आज राजस्थान में यात्रा चंवली चौराहे पर ही रुक जाएगी। यात्रा का रात्रि विश्राम यहीं होगा। कल सुबह छह बजे यहां से यात्रा प्रारंभ होगी।