पटना. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कहा कि देश में उनकी पार्टी से लड़ने की क्षमता किसी राष्ट्रीय दल में नहीं बची है। नड्डा ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में राज्य के अलग-अलग जिलों में 16 नवनिर्मित पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन एवं सात कार्यालयों का शिलान्यास करने के बाद कहा कि अब कोई राष्ट्रीय पार्टी इस स्थिति में नहीं रही जो भाजपा को मात दे सकें। कांग्रेस अब राज्यों से भी उखड़ रही है।
वैसे सारे राजनीतिक दल समाप्त हो गए या हो जाएंगे, रहेगी तो सिर्फ भाजपा। उन्होंने बिहार की मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) समेत देश के अन्य क्षेत्रीय दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार प्रजातंत्र की धरती है और यहां परिवारवाद के खिलाफ सिर्फ भाजपा ही लड़ सकती है। उत्तरप्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) पारिवारिक पार्टी है, बिहार में राजद से हम लड़ रहे हैं जो एक परिवार की पार्टी है।
ओडिशा में नवीन पटनायक की पार्टी एक व्यक्ति की पार्टी है। महाराष्ट्र में शिवसेना जो अब समाप्ति की ओर है वह भी एक परिवार की पार्टी है। इसी तरह कांग्रेस भाई-बहन की पार्टी बन गई है।