नई दिल्ली. यूक्रेन पर रूस के हमले के दौरान एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। इस तरह से रूस के हमले ने भारत को भी जख्म दे दिया है। यूक्रेन युद्ध में पहले भारतीय नागरिक के मारे जाने की पुष्टि हुई है। मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्र का नाम नवीन कुमार है और वह कर्नाटक के रहने वाले थे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर यूक्रेन के खार्किव में आज सुबह हुए भीषण हमले में एक भारतीय स्टूडेंट की मौत की पुष्टि की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया, ‘हम गहरे दुख के साथ इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि आज सुबह खार्किव में हुई बमबारी में एक भारतीय स्टूडेंट की मौत हो गई। मंत्रालय भारतीय छात्र के परिवार के संपर्क में है। हम परिवार से अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।’
प्रवक्ता ने बताया है कि विदेश मंत्रालय लगातार रूस और यूक्रेन के राजदूतों के साथ संपर्क में है और भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए सुरक्षित रास्ता निकाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई छात्र अब भी खार्किव समेत दूसरे शहरों में फंसे हैं। रूस और यूक्रेन में मौजूद राजदूत भी इसी तरह के प्रयास में जुटे हैं।
With profound sorrow we confirm that an Indian student lost his life in shelling in Kharkiv this morning. The Ministry is in touch with his family.
We convey our deepest condolences to the family.
— Arindam Bagchi (@MEAIndia) March 1, 2022
युद्ध के छठवें दिन रूसी सेना ने ओख्तिरका शहर में किया हमला
रूस-यूक्रेन जंग का आज छठवां दिन है। रूसी सेना ने खार्किव और कीव के बीच ओख्तिरका शहर के मिलिट्री बेस पर हमला किया है। इस हमले में 70 यूक्रेनी सैनिक मारे गए हैं। वहीं, रूसी फोर्स ने कीव, खार्किव और चेर्निहाइव में आर्टिलरी (तोपों) से हमले तेज कर दिए हैं और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे आम नागरिकों पर खतरा गहरा गया है।
इस बीच यूक्रेन में मौजूद इंडियन एम्बेसी ने सभी भारतीय नागरिकों को तुरंत कीव छोड़ने को कहा है। एम्बेसी की तरफ से जारी इमरजेंसी एडवाइजरी में कहा गया है कि भारतीय जिस हाल में हैं, उसी स्थिति में तुरंत शहर से बाहर निकल जाएं।