जयपुर. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 12 दिन में आज दसवीं बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए। राजधानी जयपुर में आज पेट्रोल 88 पैसे प्रति लीटर और डीजल 82 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया।
आज पेट्रोल 114.95 रुपए जबकि डीजल 98.06 रुपए लीटर के स्तर पर पहुंच गया है। पिछले 12 दिन में पेट्रोल में 7.89 रुपए जबकि डीजल में 7.36 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। वहीं श्रीगंगानगर में पेट्रोल 120.08 रुपए प्रति लीटर और डीजल 102.69 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।
रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते आपूर्ति गड़बड़ा गई
दरअसल रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते पेट्रोल-डीजल की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मांग और आपूर्ति गड़बड़ा गई है। भारत में भी पेट्रोल-डीजल की कुल मांग की 70 फीसदी आपूर्ति आयात के जरिए ही होती है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में वृद्धि के साथ ही देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ना शुरू हो गए हैं।
दिल्ली
- पेट्रोल- 102.61 रुपए प्रति लीटर
- डीजल- 93.87 रुपए प्रति लीटर
मुंबई
- पेट्रोल- 117.57 रुपए प्रति लीटर
- डीजल-101.79 रुपए प्रति लीटर
- किस दिन कितने बढ़े दाम?
- 22 मार्च- 80 पैसे
- 23 मार्च- 80 पैसे
- 25 मार्च- 80 पैसे
- 26 मार्च- 80 पैसे
- 27 मार्च- 50 पैसे
- 28 मार्च- 30 पैसे
- 29 मार्च- 80 पैसे
- 30 मार्च- 80 पैसे
- 31 मार्च- 80 पैसे
- 02 अप्रैल- 80 पैसे
अप्रैल में महंगाई अपने चरम पर होगी
अभी जिस तरह के ट्रेंड सामने आ रहे हैं उससे आशंका है कि आने वाले 1 पखवाड़े में पेट्रोल-डीजल के दाम में 10 से 15 तक की और वृद्धि हो सकती है। ऐसे में अप्रैल में महंगाई अपने चरम पर होगी। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से ट्रांसपोर्ट की दर में वृद्धि होगी और ट्रांसपोर्ट की दर में वृद्धि होने से खाद्य तेल, दाल, अनाज, सब्जी, निर्माण सामग्री सहित तमाम वस्तुएं महंगी हो जाएंगी।