मुंबई. टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का आज मुंबई के वर्ली श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा मुंबई के वालकेश्वर में उनके सी फेसिंग मेंशन से वर्ली श्मशान पहुंचेगी। साइरस मिस्त्री का अंतिम संस्कार पारसी रीति-रिवाज के मुताबिक किया जा रहा है।
इससे पहले साइरस मिस्त्री के लिए आयोजित प्रार्थना सभा में गायत्री मंत्र और गोविंद गोपाल के भजन भी गाए गए। अंतिम संस्कार में शामिल होने आकाश अंबानी, HDFC के चेयरमैन दीपक पारेख, NCP नेता सुप्रिया सुले पहुंचे हैं।
रविवार को मुंबई-अहमदाबाद पर एक्सीडेंट में हुआ निधन
टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का रविवार दोपहर मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। वे गुजरात के उदवाड़ा में बने पारसी मंदिर से लौट रहे थे। 54 साल के मिस्त्री की मर्सिडीज GLC 220 कार महाराष्ट्र में पालघर के पास रोड डिवाइडर से टकरा गई थी। इस हादसे में मिस्त्री और उनके दोस्त जहांगीर पंडोले (49) की मौत हो गई, जबकि कार ड्राइव कर रही महिला डॉक्टर अनायता पंडोले और उनके पति दरीयस पंडोले घायल हैं। दरीयस JM फाइनेंशियल के CEO हैं।