नई दिल्ली. देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 65,158 मामले मिले हैं। मंगलवार के मुकाबले कोरोना संक्रमण के मामलों में 6 हजार से ज्यादा की गिरावट हुई है। मंगलवार को संक्रमण के 71,365 नए केस सामने आए थे। तीसरी लहर के पीक के मुकाबले रोजाना के मामलों में 81% की गिरावट दर्ज हुई है। 20 जनवरी को 3,47,254 मामले सामने आए थे, जो अब कम होकर सिर्फ 65 हजार रह गए हैं।
बुधवार को 1.67 लाख मरीज ठीक हुए और 1,238 कोरोना संक्रमितों की जान गई। देश में महामारी की शुरुआत से अब तक कुल 4.24 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। फिलहाल 7.81 लाख लोग कोरोना का इलाज करा रहे हैं।
राजस्थान में नए मामलों में करीब 300 की बढ़ोतरी हुई
राजस्थान में पिछले 24 घंटे में 3,728 केस सामने आए और 7,177 लोग ठीक हुए। इस दौरान 17 लोगों की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले, यानी मंगलवार को 3,479 केस सामने आए थे और 7,354 लोग ठीक हुए थे। इस दौरान 16 लोगों की मौत हुई थी। अब तक राज्य में 12.54 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 12.11 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,424 लोगों की मौत हो गई। 33,812 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। पॉजिटिविटी रेट 7.90% के करीब है।