ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का भी निधन, तमिलनाडु हेलिकॉप्टर क्रैश में हुए थे घायल

बेंगलुरु. तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे में एक मात्र जीवित बचे वायु सेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का भी निधन हो गया है। बुधवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांसें लीं। मंगलवार को ही उनकी हालत और बिगड़ने लगी थी। वरुण सिंह उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले थे।

नीलगिरी में हुई हेलिकॉप्टर हादसे में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल विपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य सैन्य कर्मियों की जान चली गई थी। वरुण सिंह इकलौते जीवित बचे थे, लेकिन उनकी हालत भी नाजुक थी। उनका इलाज बेंगलुरु के सैन्य अस्पताल में चल रहा था।

बेंगलुरु कमांड हॉस्पिटल में चल रहा था इलाज
ग्रुप कैप्टन को गंभीर रूप से झुलस जाने की वजह से वेलिंगटन के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था। पिछले गुरुवार को ग्रुप कैप्टन सिंह को तमिलनाडु के वेलिंगटन से बेंगलुरु के कमांड अस्पताल में ट्रांसफर किया गया था।

इंडियन एयरफोर्स ने जताया दुख
इंडियन एयरफोर्स के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, ‘भारतीय वायुसेना को बहादुर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन की सूचना देते हुए गहरा दुख हो रहा है। 8 दिसंबर 2021 को हेलिकॉप्टर दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आज सुबह उनकी मृत्यु हो गई। भारतीय वायुसेना गहरी संवेदना व्यक्त करती है और शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है।’

पीएम नरेंद्र मोदी ने भी जताया शोक
ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन की सूचना मिलने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया। पीएम ने ट्वीट किया, ‘ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने गर्व, वीरता के साथ देश की सेवा की। उनके निधन से बेहद आहत हूं। राष्ट्र के लिए उनकी समृद्ध सेवा को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। उसके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं। ओम शांति।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *