कोटा. शहर चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार सुबह नान्ता करणी नगर में शराब के पैसे देने से इनकार करने पर बदमाश ने एक 18 वर्षीय युवक सोनू पुत्र रोशन सिंह बंजारा पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार सोनू उसकी मां के साथ ईंट भट्टे पर मजदूरी का काम करता है। सुबह घर से काम के लिए निकला था।
वह रास्ते में पार्षद के मकान के बाहर उसके दोस्तों से बात करने के लिए रुक गया। इसी दौरान युवक विष्णु शराब के नशे में आया और आते ही सोनू से पैसे मांगने लगा। मना करने पर बदमाश ने युवक को चांटा जड़ दिया। दोनों के बीच झगड़ा होने पर मौके पर मौजूद लोगों ने समझाइश कर मामले को सुलझाया। आरोपी विष्णु अपने घर की ओर चला गया और वहां से चाकू लेकर वापस लौटा और आते ही सोनू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चाकूबाजी की घटना में सोनू के पेर, कमर, पेट तथा हाथ के अंगूठे पर कुल चाकूओं के 4 घाव लगने से युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। वारदात के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद उसके घायल युवक के दोस्त उसे लेकर एमबीएस अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी घायल के दोस्तों का कहना है कि विष्णु बदमाश प्रवृत्ति का व्यक्ति है जो बस्ती में मादक प्रदार्थ गांजा बेचता है। आए दिन आने जाने वाले लोगों पर दादागिरी दिखाने के लिए मारपीट की वारदात को अंजाम देता है। कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी पर अस्पताल में भर्ती घायल युवक के बयान दर्ज किए गए हैं।