कोटा. शहर में सोमवार को दिन में जोरदार बरसात हुई। बांधों में आवक के बाद चम्बल से पानी की निकासी शुरू कर दी गई। कोटा बैराज के 11 गेट खोल कर करीब एक लाख 25 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है, इसके लिए कोटा बैराज के 5 गेट 10 फीट और 6 गेटों को 15 फीट खोला गया है।
चंबल नदी पर बने जवाहर सागर और कोटा बैराज के कैचमेंट एरिया में लगातार पानी की आवक हो रही है। इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कोटा शहर के निचली बस्तियों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को कोटा में 70 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। भारी बरसात के चलते कोटा शहर के हर कोने-कोने में पानी ही पानी हो गया। शहर की कई सड़कें दरिया बन गई। नाले उफान पर आ गए। सड़क किनारे पानी भरा होने से बड़े रास्तों पर भी वाहन चालक परेशान रहे।




जवाहर नगर और तलवंडी की कई गलियां पानी से आने से फुल हो गई है। मुख्य सड़क के घरों में पानी भर गया है। जिसके चलते लोगों की आवाजाही रुक गई है। मुख्य सड़क पर 2 से 3 फुट तक पानी बह रहा है।



