कोटा. कोटा के उद्योग नगर थाना इलाके में बुधवार अलसुबह छत से गिरने से एक महिला की मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर इसे सुसाइड का मामला माना जा रहा है तो वहीं मृतका के परिजनों ने धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि महिला ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान थी।
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया और अब मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। एएसआई शम्भुदयाल के अनुसार 27 साल की कौशल्या की शादी प्रेम नगर अफोर्डेबल हाउसिंग योजना में रहने वाले कमल के साथ चार साल पहले हुई थी। बुधवार सुबह 6.30 बजे कौशल्या छत से नीचे गिर गई। पति और सास लेकर एमबीएस अस्पताल पहुंचे जहां जांच करने के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। कौशल्या के पिता बनवारी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही कौशल्या को ससुराल वाले परेशान कर रहे थे। सब ठीक हो जाएगा यही सोचकर कौशल्या और परिवार वाले चुप रहे। परिजनों का आरोप है कि ज्यादा दहेज की मांग और बच्चा नहीं होने को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था।
पति शराब पीने का आदी है और आए दिन मारपीट करता था। कौशल्या घर चलाने के लिए आसपास के बच्चों को ट्यूशन पढ़ा देती थी तो उन पैसों से पति शराब पीता था। परिजनों ने आरोप लगाया कि कौशल्या को छत से धक्का देकर उसकी हत्या की गई है। इधर मोर्चरी के बाहर पहुंचे परिजनों ने हंगामा भी कर दिया। परिजनों की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।