मॉस्को/कीव/वॉशिंगटन. यूक्रेन पर रूस के हमले शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन जारी हैं। राजधानी कीव सुबह 7 बड़े धमाकों से दहल गई। लोग रातभर से घरों, सबवे, अंडरग्राउंड शेल्टर में छिपे हुए हैं। खाने-पीने से लेकर रोजाना की जरूरत की चीजों की कमी हो रही है।
इस बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूसी सेना राजधानी में दाखिल हो गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि अगले 96 घंटे यानी 4 दिन में कीव पर रूस का कब्जा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रूसी सेनाएं रिहाइशी इलाकों को टारगेट कर रही हैं। उन्होंने रूसी नागरिकों से अपील की है कि वे इस जंग के खिलाफ प्रदर्शन करें। वहीं, पश्चिमी यूक्रेन के लीव शहर में हवाई हमले का सायरन सुनाई दिया है। इसके बाद यहां की मेयर ने लोगों को घरों से बाहर न निकलने को कहा है।
WATCH: Another video shows the moment an unknown object is shot down over Kyiv pic.twitter.com/HiM9gSSTKC
— BNO News (@BNONews) February 25, 2022
युद्ध पर रूस-यूक्रेन के दावे
रूस ने कहा कि गुरुवार को यूक्रेन के 14 इलाकों में 203 हमले किए। 83 लैंड बेस्ड टारगेट हिट किए गए। रूसी सेनाओं ने चेर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट पर कब्जा कर लिया है। कीव के नजदीक यूक्रेनी एयरबेस पर भी रूस का कब्जा हो चुका है। राजधानी कीव में भी रूसी सेना घुस गई है। रूसी एयरक्राफ्ट एंटनोव-26 यूक्रेन के करीब वोरोनेज इलाके में क्रैश हो गया। रूस ने कहा कि यह एयरक्राफ्ट इक्विपमेंट ट्रांसपोर्ट कर रहा था। एयरक्राफ्ट के क्रू मेंबर्स की मौत हो गई है। रूस ने यह नहीं बताया कि इनकी संख्या कितनी थी।
राजधानी कीव में गुरुवार को रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया। चश्मदीदों ने बताया कि रातभर धमाके और एयर रेड के सायरन सुनाई दिए। लोगों से लाइटें बंद करने और पर्दे लगाने को कहा गया। यूक्रेन की रक्षा मंत्री ने दावा किया है कि यूक्रेनी फोर्सेस ने रूस के 7 एयरक्राफ्ट, 6 हेलिकॉप्टर, 30 टैंक तबाह कर दिए हैं। यूक्रेन ने दावा किया है कि उनकी फोर्सेस ने 800 से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है। 30 रूसी टैंक और 7 जासूसी एयरक्राफ्ट को भी तबाह कर दिया है।