मॉस्को/कीव. यूक्रेन पर रूस की बमबारी सोमवार को पांचवें दिन भी जारी है। इसी बीच बेलारूस, रूस का साथ देने के लिए यूक्रेन में सैनिकों को भेजने की तैयारी कर रहा है। इसके पहले दोनों देश बेलारूस में बातचीत करने के लिए सहमत हुए। दूसरी तरफ, इस टकराव को रोकने और रूस पर दबाव बनाने की कोशिशें भी चल रही हैं।
इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के स्पेशल इमरजेंसी सेशन में भेजने के लिए सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में वोटिंग हुई। प्रस्ताव के पक्ष में 11 और विपक्ष में 1 वोट पड़ा। भारत, चीन और UAE ने फिर वोटिंग से दूरी बनाए रखी।
राजधानी कीव के मेयर ने न्यूज एजेंसी AP को बताया है कि कीव से बाहर निकलने के रास्ते बंद हो चुके हैं। रूसी सेना ने हमें चारों तरफ से घेर लिया है। अधिकारियों का दावा है कि रूस ने बेलारूस से यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइलें लॉन्च की हैं। यूक्रेन के पलटवार में रूस ने भी अपने कई सैनिकों के मारे जाने की बात कबूली है। हालांकि, अब तक कोई संख्या नहीं बताई गई।
खारकिव में प्राकृतिक गैस पाइपलाइन तबाह
कीव. यूक्रेन के गृहमंत्री के सलाहकार एंटोन गेराशेंको ने रविवार को कहा कि रूसी सैनिक देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में घुस आए हैं। इससे पहले रविवार तड़के रूसी सुरक्षा बलों ने खारकिव में ही एक प्राकृतिक गैस पाइपलाइन में विस्फोट किया है। यूक्रेन के अधिकारियों ने इस संबंध में विस्फोट का एक वीडियो जारी किया है।
यूक्रेन युद्ध में अब तक का हाल
यूक्रेन ने बताया कि अब तक रूसी हमले में 352 लोगों की जान जा चुकी है, जिसमें 14 बच्चे भी शामिल हैं। इनके अलावा 1,684 लोग घायल हुए हैं। UN के मुताबिक यूक्रेन छोड़कर दूसरे देशों में शरणार्थियों की संख्या 3 लाख 86 हजार हो गई है।