मॉस्को/कीव. रूस-यूक्रेन जंग का आज 18वां दिन है। हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं। इस बीच यूक्रेन के पश्चिमी इलाके में लीव शहर के पास मौजूद एक मिलिट्री बेस पर रूस ने 8 मिसाइलें दागीं हैं। ये ऐसा इलाका है जो पौलैंड बॉर्डर के नजदीक है और अब तक रूसी हमलों से अछूता रहा है, लेकिन रविवार को हुए हमले की वजह से रूस के पूरे यूक्रेन पर हमले करने की रणनीति का पता चला है।
रूस ने रविवार को पश्चिमी यूक्रेन के इवानो-फ्रैंकिव्स्क एयरपोर्ट पर भी हमले किए हैं। रूसी सेना यूक्रेन की कैपिटल कीव के सेंटर प्वॉइंट से महज 16 किलोमीटर दूर तक पहुंच गई हैं। यहां यूक्रेनी छापामार दलों के साथ रूसी सेना की स्ट्रीट-टु-स्ट्रीट फाइट चल रही है, लेकिन रूसी सेना फिलहाल भारी पड़ रही है।
जंग को खत्म करने के लिए उठा ताजा कदम
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने कहा है कि वो रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से इजराइल के शहर यरूशलम में बातचीत को तैयार हैं। जेलेंस्की ने कहा कि इस बातचीत के लिए इजराइली प्रधानमंत्री नफ्टाली बेनेट को मध्यस्थता करनी चाहिए। बेनेट ने कुछ दिन पहले मॉस्को का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता की पेशकश की थी।
जंग की आग यूक्रेन में कहां तक फैली
तकरीबन दो सप्ताह तक पूर्वी यूक्रेन में चल रही भयानक जंग के दौरान वहां से भागने वाले लाखों लोगों के लिए वेस्टर्न यूक्रेन सेफ जोन बना रहा, लेकिन जंग की आंच अब इस इलाके में भी पहुंच गई है। रूसी सेना ने पोलैंड बॉर्डर से महज 55 मील दूर लुत्सक शहर के मिलिट्री एयरफील्ड पर हमला किया है, जिसमें 4 सैनिकों की जान चली गई है। इसे बेहद रेयर मूमेंट माना जा रहा है, क्योंकि रूसी सेना ने अब तक साउथ, नॉर्थ, ईस्ट यूक्रेन और राजधानी कीव के चारों तरफ ही अपने अभियान को फोकस कर रखा था। लुतस्क के अलावा वेस्टर्न यूक्रेन के एक अन्य शहर इवानो-फ्रैंकविस्क पर भी शुक्रवार को हमला किया था।