वॉशिंगटन. अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। रविवार रात को भी वॉशिंगटन डीसी के यू स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट में एक म्यूजिकल प्रोग्राम में फायरिंग की घटना सामने आई है। इसमें एक टीनेजर की मौत हो गई, जबकि पुलिस अधिकारी सहित 3 लोग घायल हुए हैं। डीसी पुलिस यूनियन ने भी इसकी पुष्टि की है। फिलहाल, घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
स्थानीय अमेरिकी मीडिया आउटलेट के अनुसार, शूटिंग 14वें और यू स्ट्रीट पर ‘मोचेला’ नामक एक जुनेटीन म्यूजिकल प्रोग्राम की साइट पर या उसके पास हुई। इसमें एक एमपीडी अधिकारी के पैर में गोली लगने के साथ और भी लोगों के घायल होने की खबर है। खास बात यह है कि यह इलाका व्हाइट हाउस से 2 मील से भी कम दूरी पर है।
बाइडेन बोले- हथियार खरीदने की उम्र बढ़ाने की आवश्यकता
हालही में अमेरिका में हिंसा की बढ़ती घटनाओं के लिए राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा था कि बच्चों और परिवारों की सुरक्षा के लिए अमेरिका को हथियारों पर प्रतिबंध लगाने या उन्हें खरीदने के लिए उम्र 18 से बढ़ाकर 21 करने की आवश्यकता है।
उन्होंने आगे कहा कि यह किसी का अधिकार छीनना नहीं है, यह बच्चों, परिवारों और समुदायों की रक्षा के लिए है। हम मानते हैं कि हमें बंदूक मालिकों के साथ एक उदाहरण के रूप में व्यवहार करना चाहिए कि हर बंदूक मालिक को कैसे व्यवहार करना चाहिए।