संदेश न्यूज। हरनावदाशाहजी. निकटवर्ती सारथल थाना क्षेत्र के काल्पा जागीर गांव में एक युवक ने बन्दूक से राष्ट्रीय पक्षी मोर पर गोली चला दी, इससे मोर की मौत हो गई , वहीं छर्रे पास ही खड़ी एक महिला को भी लगे, जिससे वह घायल हो गई। महिला के घायल होने की खबर गांव में फैलते ही भीड़ जमा हो गई, आसपास के गांवों के लोग भी वहां पहुंच गए। कुछ ही देर में भीड़ बेकाबू हो गई, टायर जलाए तथा मौके पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया। इसके बाद भारी पुलिस जाब्ता मंगवाया गया और पुलिस ने जैसे-तैसे हालात काबू में किए।
जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे नासीर उर्फ मोनू ने सरकारी स्कूल के पास राष्ट्रीय पक्षी मोर को गोली मारी। इससे मोर की मौत तो हो गई मगर वहीं गांव की ही अनीता बाई पति राम चरण लोधा को भी छर्रे लगे और वह अचेत होकर गिर गई। कुछ ही मिनटों में यह खबर आग की तरह गांव में एवं आस पास के गांवों में फेल गई। इसके कारण लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने जगह-जगह टायर जलाकर रोड जाम कर दिया। जाम लगाकर भीड़ आरोपी के मकान की तरफ जाने लगी लेकिन पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। गांव में देर रात तक भारी पुलिस बल तैनात था। प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम रामावतार बरनाला, डीएसपी गोविंद सिंह बारहठ छबड़ा भी मौके पर मौजूद रहे। इधर छर्रे लगने से घायल अनीता बाई को पहले छीपाबड़ौद के स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां से बारां रैफर कर दिया गया। लोगों का कहना है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होता, ग्रामीण चुप नहीं बैठेंगे।