कोटा. वरिष्ठ भाजपा नेता भवानी सिंह राजावत ने सोनिया गांधी को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष के रूप में चुने जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कांग्रेस को नया नेतृत्व नहीं मिल सका और वर्षों कांग्रेस अध्यक्ष रहने के बाद पुन: डेढ़ सौ साल पुरानी कांग्रेस को गांधी परिवार पर ही निर्भर होना पड़ा, लगता है अब कांग्रेस के डूबते जहाज को भगवान भी नहीं बचा पायेंगे। भाजपा तो चाहती है कि उनके सामने मजबूत विपक्ष हो लेकिन कांग्रेस अपनी ही गलतियों से अपना अस्तित्व खोती जा रही है जो दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। एक विदेशी महिला के हाथों में कमान सौंपना आत्मघाती कदम होगा और निश्चित रूप से यह कांग्रेस के ताबूत में आखिरी कील का काम करेगा।राजावत ने कहा कि वर्षों से कांग्रेस को गांधी परिवार के अलावा कोई नेतृत्व नहीं मिल सका है, सोनिया व राहुल के हाथों में कमान आने पर कांग्रेस का सूर्य अस्त हो गया। गिनती के दो-चार राज्यों से भी आने वाले समय में कांग्रेस का सफाया होना तय है।