नई दिल्ली.
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को देशभर में भ्रष्टाचार के संदेह वाली करीब 150 जगहों पर औचक छानबीन की। अधिकारियों ने बताया कि यह विशेष कवायद प्रधानमंत्री मोदी की ईज ऑफ़ लिविंग पहल पर आधारित थी। इस विशेष अभियान को मुख्य तौर पर उन सरकारी जगहों पर चलाया गया जहां आम नागरिक या छोटे व्यापारी भ्रष्टाचार को सबसे ज्यादा महसूस करते हैं। जिन जगहों पर सीबीआई की टीम ने औचक छानबीन की, वे रेलवे, कोल माइंस, मेडिकल/हेल्थकेयर संस्थानों, फूड कॉपोर्रेशन ऑफ़ इंडिया, बिजली, ट्रांसपोर्ट, जीएसटी डिपार्टमेंट, सरकारी बैंक, वित्तीय संस्थान, कैंटोनमेंट बोर्ड्स, कृषि, नगर निगमों से जुड़ी हुई थीं।
यह कार्रवाई दिल्ली, जयपुर, जोधपुर, गुवाहाटी, श्रीनगर, शिलॉन्ग, चंडीगढ़, शिमला, चेन्नै, मदुरै, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई, पुणे, गांधीनगर, गोवा, भोपाल, जबलपुर, नागपुर, पटना, रांची, गाजियाबाद, लखनऊ और देहरादून में की गई। विशेष अभियान मुख्य रूप से भ्रष्टाचार के उन बिंदुओं को ध्यान रखकर चलाया गया जिनकी वजह से सरकारी तंत्र में आम आदमी और छोटे कारोबारियों को सबसे ज्यादा चोट पहुंचती है। यह अभियान भ्रष्टाचार के संभावित तरीकों और आम आदमी के सामने ऐसे विभागों की सेवाएं लेते समय आने वाली चुनौतियों के बारे में जागरूकता लाएगा।