संदेश न्यूज। कोटा.
स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने कहा है कि प्रदेश में जरुरतमंद लोगों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। सरकार की मंशा है कि सभी नागरिकों को भोजन, आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। मंत्री धारीवाल शनिवार को एमबीएस अस्पताल में नवनिर्मित महिला आश्रय भवन के लोकार्पण के बाद योजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस भवन के बनने से एमबीएस अस्पताल में दूरदराज के क्षेत्रों से रोगियों की देखभाल के लिए आने वाले तीमारदार लाभान्वित होंगे। भवन के अभाव में अस्पताल आने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब महिलाएं सुरक्षा के साथ यहां रुक सकेंगी। इससे पूर्व उन्होंने नगर निगम द्वारा हुडको के वित्तीय सहयोग से निर्मित महिला आश्रय भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया तथा भवन का अवलोकन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर महेश विजय ने कहा कि 1642 वर्गफीट क्षेत्रफल में निर्मित भवन में महिलाओं के आवास के लिए एनयूएलएम के तहत सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। नेता प्रतिपक्ष अनिल सुवालका ने कहा कि आने वाले समय में विकास के अनेक स्तंभ स्थपित किए जाएंगे। इस अवसर पर उप महापौर सुनीता व्यास, नगर निगम उपायुक्त कीर्ति राठौड़, अधीक्षण अभियंता प्रेम शंकर शर्मा, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विजय सरदाना, हुडको के प्रतिनिधि सुधीर भटनागर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।