संदेश न्यूज। कोटा.
पिकनिक मनाने गए कोटा के एक युवक की मेनाल झरने में बहने से मौत हो गई। बेगूं थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पार्षद गोपालराम मंडा ने बताया कि इंद्रविहार कोटा निवासी चेतन चौधरी रविवार को अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने चित्तोड़गढ़ जिले के बेगूं थाना क्षेत्र स्थित मेनाल झरने पर गया था। यहां पर नहाते समय अचानक चेतन का पैर फिसल गया। पैर फिसलने के बाद चेतन संभल नहीं सका और झरने में बहता चला गया। झरने के साथ करीब 150 फीट नीचे गिरने से चेतन गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोस्तों की मदद से चेतन को झरने से निकाल कर बेगूं के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने चेतन को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचने परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। बेगूं थाना अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि चेतन ने अपने दोस्तों के साथ यहां शराब पार्टी भी की थी। संभवत: शराब के नशे में चेतन के पैर लडखड़ाया और वह पानी के साथ बहता हुआ नीचे गिर गया। थानाधिकारी वीरेंद्र ने बताया कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी। चेतन मूल रूप से झालावाड जिले के पीपलिया गांव का रहने वाला था। वह यहां कोटा में इंद्रविहार में पत्नी व बच्चों के साथ रहता था। चेतन शिक्षा विभाग में बाबू के पद पर काम करता था। फिलहाल यह केशवपुरा के एक स्कूल में लगा हुआ था।