विशाखापट्टनम. मयंक अग्रवाल (215) के दोहरे शतक और रोहित शर्मा (176) की जबरदस्त पारी की मदद से भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। भारत ने भारत ने 7 विकेट पर 502 रन बनाकर पारी समाप्त घोषित की। जिसके जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 3 विकेट खो दिए थे। स्टम्प्स के समय दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 3 विकेट पर 39 रन है। फिलहाल तेंबा बावुमा 2 और डीन एल्गर 27 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत की पहली पारी के जवाब में बल्लेबाजी के लिए उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने एडन मार्करैम के रूप में बड़ा विकेट खोया। अश्विन ने मार्करैम को बोल्ड कर दिया। वे केवल 5 रन बना पाए। इसके बाद पारी अभी ठीक से संभली भी नहीं थी कि अश्विन ने थ्यूनिस ब्रुइन (4) को विकेट के पीछे साहा के हाथों कैच करा दिया। जडेजा ने भी अश्विन का साथ दिया और डेन पिट को बगैर खाता खोले बोल्ड कर दिया। दक्षिण अफ्रीका ने केवल 34 रनों में अपने ये 3 विकेट खोए। अंत में एल्गर और बावुमा ने खेल समाप्त होने तक भारत को कोई सफलता हाथ नहीं लगे दी। भारत ने पहले दिन के बिना किसी विकेट पर 202 रनों से आगे खेलना शुरू किया। रोहित और मयंक की सलामी जोड़ी पहले सत्र में भी हावी नजर आई। पहले सत्र में मयंक अग्रवाल का शतक सबसे बड़ा आकर्षण रहा। ये उनके कॅरियर का पहला शतक है। पहले सत्र रोहित की बेहतरीन पारी का अंत केशव महाराज ने किया। उनकी गेंद को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में डी कॉक द्वारा स्टम्प आउट हुए। रोहित ने 244 गेंदों का सामना करते हुए 176 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 23 चौके और 6 छक्के लगाए। लंच के बाद जैसे ही खेल शुरू हुआ, पहली ही गेंद पर भारत ने पुजारा का विकेट खो दिया। पुजारा को फिलेंडर ने बोल्ड किया। पुजारा केवल 6 रन बना पाए।
अभी भारत की पारी आगे बढ़ी ही थी विराट के रूप में भारत ने तीसरा विकेट खोया। विराट 20 रन (4 चौके) बनाकर आउट हुए। विराट को मुथुसामी ने अपनी ही गेंद पर आउट किया। इस टेस्ट में डेब्यू करने वाले मुथुसामी भारतीय मूल के हैं और उन्होंने विराट के रूप में अपने टेस्ट कॅरियर का पहला विकेट लिया। इसी दौरान मयंक ने अपने 150 रन पूरे किए। उन्होंने इसे दोहरे शतक में तब्दील किया। मयंक ने 371 गेदों पर 23 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 215 रन बनाए। उन्हें एल्गर की गेंद पर पिडेट ने कैच किया। इसके अलावा भारत के लिए रहाणे ने 15, जडेजा ने 30, साहा ने 21 और विहारी ने 10 रन बनाए।
बता दे रोहित शर्मा ने टेस्ट के पहले दिन बुधवार को अपना शतक पूरा किया था। रोहित का टेस्ट ओपनर के रूप में पहला मैच है और उन्होंने इसमें शतक लगाकर नई भूमिका में उम्दा शुरुआत की। रोहित और मयंक ने भारत को पहली पारी में शानदार शुरुआत दिलाई। रोहित का यह चौथा टेस्ट शतक है और उन्होंने इस पारी में कई रिकॉर्ड बनाए।