गांधी जयंती पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने की पदयात्रा

भोपाल.
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज गांधी जयंती पर कहा कि देश दुनिया और समाज में व्याप्त तनाव से मुक्त होने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को अपनाना एवं उनके दिखाए गए मार्ग पर चलना जरूरी है। मुख्यमंत्री कमलनाथ आज महात्मा गांधी की 150वीं जयंती वर्ष पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने स्थानीय रोशनपुरा चौराहे से मिंटो हाल स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा तक पदयात्रा की। महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे पुरानी विधानसभा चौराहे पर स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमा स्थल पर पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर माला पहनाकर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी सिर्फ भारत ही नहीं विश्व के नेता थे। अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्य स्थल पर भी महात्मा गांधी का चित्र लगा हुआ था। इतिहास में एक समय ऐसा आता है जब सही राह की आवश्यकता होती है। आज हमारे देश, समाज और पूरी दुनिया में जो हालात हैं उसका निदान महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलकर ही होगा। उन्होंने कहा कि अपने साधारण से व्यक्तित्व से उन्होंने अंग्रेजों का मुकाबला कर उनसे भारत को मुक्ति दिलाकर असाधारण और अभूतपूर्व काम किया। देश अगर महात्मा गांधी के रास्ते पर नहीं चला तो हमारी संस्कृति नष्ट हो जाएगी। इस मौके पर प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह, जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा, कांग्रेस सचिव संजय कपूर, मध्यप्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रप्रभास शेखर, महामंत्री राजीव सिंह, मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा, मीडिया प्रभारी शोभा ओझा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *