संदेश न्यूज। कोटा.
बारां रेल खंड में चलती ट्रेनों में लूटपाट घटनाओं के बाद लूटेरों की धरपकड़ के लिए जोधपुर-भोपाल ट्रेन से रवाना हुई आरपीएफ जवानों की टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। हमले की परवाह किए बिना आरपीएफ के जवानों ने एक बदमाश को दबोच लिया। इस घटना में तीन जवान घायल हो गए। बाद में पकड़े गए बदमाश को कोटा जीआरपी के हवाले कर दिया गया। आरपीएफ अपराध शाखा प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि शुक्रवार तड़के भूलोन स्टेशन से रवाना होने के बाद जबलपुर-कोटा (19810) एक्सप्रेस में सामान्य कोच में बैठी एक महिला यात्री भगवती बाई का कुछ बदमाश कान में पहने सोने का कुंडल खींच भागे। इसी तरह शुक्रवार तड़के ही जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस (12182) एक्सप्रेस में भी छबड़ा गुगोर स्टेशन पर शयनयान कोच में बैठे यात्री मंगल प्रसाद का 3-4 बदमाश एक बैग लूट ले गए। इस बैग में करीब 30 हजार रुपए मूल्य की 8 साडियां थीं। इन घटनाओं के सामने आने के बाद आरपीएफ ने आरोपियों की तलाश के लिए शनिवार रात जोधपुर-भोपाल (14813) ट्रेन से जवानों की एक विशेष टीम को रवाना किया था। रविवार तड़के छबरा रेलवे स्टेशन पर जवानों को ट्रेन की आॅफ साइड में 5-6 संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। कुछ ही देर में यह लोग सामान्य कोच के यात्रियों से छीना-झपटी करने लगे। छीना-झपटी होते देश आरपीएफ जवान बदमाशों की ओर दौड़े। इस पर बदमाशों ने जवानों पर पत्थर व गिट्टी फेंकना शुरू कर दिया। इस हमले के बाद भी जवान नहीं रुके। पीछा करते हुए जवानों ने आखिरकार एक बदमाश को पकड़ ही लिया। एक को पकड़े जाते देख बदमाशों ने पत्थर बाजी और तेज कर दी। पत्थरबाजी में घायल होने के बाद भी जवानों ने बदमाश को नहीं छोड़ा। बाद में यात्रियों के शोर मचाने, सील चेकिंग स्टॉफ तथा स्टेशन मास्टर के आने से अन्य बदमाशा भाग खड़े हुए। बाद में आरपीएफ ने पकड़े गए बदमाश को कोटा जीआरपी को सौंप दिया। जीआरपी द्वारा मामले में यात्रियों को लूटने, आरपीएफ पर हमला, यात्रियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश सहित अन्य मामलों में कार्यवाही की जा रही है।
तीन जवान घायल
पत्थरबाजी में हैड कांस्टेबल रणवीरसिंह एवं विनोद कुमार तथा कांस्टेबल अमर सिंह घायल हो गए। पत्थर लगने से रणवीर के सिर मे तथा अमर सिंह के हाथ में, गंभीर चोटें आर्इं है। बाद में सभी ने अस्पताल पहुंचकर अपना इलाज कराया। यहां पर सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त अशोक त्यागी ने जवानों की कुशलक्षेम पूछी। पकड़े गए आरापी का नाम रुकम सिंह कंजर है। यह गोलीपुरा थाना कुंभराज जिला गुना मध्य प्रदेश का रहने वाला है। रुकम से अन्य अरोपियों के बारे में भी पता चला है। पुलिस द्वारा इन आरोपियों के भी गिरफ्तार के प्रयास किए जा
रहे हैं।