मंदसौर. जिले में स्थित गांधीसागर बांध से इस मानसूनी सीजन में 10300 एमसीएम (मिलियन क्यूबिक मीटर) पानी छोड़ा जा चुका है, जो एक रिकॉर्ड है। जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार 46 साल पहले 1973 में गांधीसागर से सबसे ज्यादा करीब 11 हजार एमसीएम पानी छोड़ा गया था। इस वर्षा सीजन में 28 सितंबर को सुबह 8 बजे तक कुल 10300 एमसीएम पानी छोड़ा गया। पानी की यह मात्रा इतनी है कि इससे गांधीसागर को एक बार पूरा व एक बार आधा से ज्यादा वापस भरा जा सकता था। इतने पानी से मंदसौर, रतलाम और नीमच जिलों को 10 साल तक जलापूर्ति हो सकती थी। बांध के निर्माण से लेकर अभी तक का जल स्तर सबसे अधिकतम है।
हाड़ौती अंचल में फिर बारिश का अलर्ट
जयपुर. प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। सुबह बारिश के बाद श्रीगंगानगर में हल्की धुंध छाई रही। सुबह सर्दी बढ़ गई। वहीं, कई जगह लोगों को जलभराव की समस्या का भी सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे प्रदेश के 15 शहरों में अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें से 4 शहरों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बांसवाड़ा, डूंगरपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़ में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, सिरोही में आॅरेंज अलर्ट है। इसके साथ बारां, बूंदी, कोटा, टोंक, उदयपुर, बाड़मेर और जालौर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। जो अगले 48 घंटे तक जारी रहने की संभावना है।
भोजपुरी गायिका शारदा सिन्हा बाढ़ में फंसी, मांगी मदद
नई दिल्ली. पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित हिंदी एवं भोजपुरी फिल्मों की लोकप्रिय गायिका शारदा सिन्हा बिहार में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में फंसी है। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट के जरिए लोगों से मदद मांगी है। सिन्हा शारदा ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘राजेंद्र नगर में अपने निवास में पानी में फंसी हूँ। मदद नहीं मिल पा रही है। एनडीआरएफ की राफ्ट तक पहुंचना असंभव है। पानी से बहुत बदबू आ रही। क्या,भारत में एयर लिफ्ट की सुविधा है। कोई रास्ता बताइये।’