नई दिल्ली. अमरीका के बेहद सफल दौरे के बाद शनिवार को नई दिल्ली लौटे पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान पीएम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया में भारत का मान 130 करोड़ देशवासियों की वजह से बढ़ा है। पीएम ने इस दौरान उरी में आतंकी हमले के बाद हुई सर्जिकल स्ट्राइक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज के ही दिन देश के जवानों ने आतंकियों के कैंप पर हमला बोलकर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया था। उन्होंने कहा आज 28 सितंबर है, तीन साल पहले इसी दिन मैं पूरी रात एक पल के लिए भी नहीं सोया था। हर पल इसी इंतजार में था कि टेलिफोन की घंटी कब बजेगी। तीन साल पहले देश के वीर जवानों ने सर्जिकल स्ट्राइक करके भारत की शान को और ताकत के साथ प्रस्तुत किया था। उस रात को याद करते हुए, हमारे वीर जवानों को उत्साह और पराक्रम को, मौत को मुट्ठी में लेकर चले उन जवानों को प्रणाम करता हूं। पीएम ने अंत में देशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा, साथियों कल से नवरात्र का पर्व शुरू हो रहा है। मैं सभी देशवासियों को पावन पर्व की शुभकामनाएं देता हूं।
2014 और 2019 के दौरे में बताया फर्क
उन्होंने कहा कि मैं 2014 में भी चुनाव जीतने के बाद अमेरिका के दौरे पर गया था और यूएन की समिट में हिस्सा लिया था और 2019 में भी गया। जो फर्क मैंने महसूस किया है, वह यह है कि दुनिया की नजरों में भारत के प्रति मान-सम्मान बढ़ा है। भारत के प्रति जो आदर बढ़ा है, इसका एक प्रमुख कारण 130 करोड़ हिंदुस्तानी हैं जिन्होंने मजबूती के साथ सरकार बनाई है। लोकतंत्र की इस ताकत की दुनिया में बड़ी अहमियत है। इस ताकत का विराट रूप मैंने अमेरिका में देखा।
दुनिया की नजरों में भारत का मान बढ़ा: मोदी
पीएम ने कहा कि ह्यूस्टन में हुए हाउडी मोदी कार्यक्रम से हर कोई अभिभूत था। ह्यूस्टन में हाउडी मोदी कार्यक्रम का भव्य होना बड़ी बात है। इतने कम समय में अमेरिका में रह रहे भारतीयों ने जो शक्ति प्रदर्शन किया। उसकी चर्चा सब कर रहे थे। कार्यक्रम में रिपब्लिकन पार्टी और डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता मौजूद थे, साथ में राष्ट्रपति ट्रंप भी थे। उन्होंने हाउडी मोदी की जमकर तारीफ की।